Advertisement
ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। यह हमारे आन-बान-शान हैं, नैनीताल पुलिस की शान हैं। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है। परिवहन शाखा में तैनात कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी ने पुलिस ड्यूटी के साथ पारिवारिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपने साले अनुज पंत को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगातार मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया। अनुज पंत ने मेहनत के दम पर प्रतिष्ठित सेवाओं की परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और नैनीताल पुलिस का गौरव बढ़ाया है।
ग्राम झूलापे, जनपद चंपावत निवासी 23 वर्षीय अनुज पंत पुत्र गणेश चंद्र पंत ने अपनी स्कूली शिक्षा गाजियाबाद से पूरी की। उनके पिता गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं, जबकि मां निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। परिवार में अनुज सबसे छोटे हैं। उनसे बड़ी एक बहन और एक भाई हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अनुज के जीजा कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी ने उन्हें अपने साथ रखा। उन्होंने पढ़ाई के साथ अनुशासन और परीक्षा की तैयारी को लेकर लगातार मार्गदर्शन दिया और अनुज का हौसला बढ़ाते रहे।
चंद्रशेखर गैतोड़ी के मार्गदर्शन और अनुज पंत की कड़ी मेहनत का परिणाम सामने आया। वर्ष 2025 में अनुज पंत ने आईपीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की। इसके बाद वर्ष 2026 में आईपीएस अधिकारी बनने की दिशा में भी उन्होंने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
अनुज की उपलब्धि पर नैनीताल पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। पुलिस विभाग ने कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी के योगदान को भी सराहनीय और प्रेरणादायी बताया है। ड्यूटी के साथ परिवार के एक युवा को देश की प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए तैयार करने में उनका सहयोग दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।
अपनी सफलता के अवसर पर अनुज पंत ने एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने अनुज पंत की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि अनुज पंत की सफलता पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है और कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी का मार्गदर्शन इस उपलब्धि की प्रेरक कहानी का अहम हिस्सा है।

Comments

[gs-fb-comments]