
एसपी सिटी हरबंश सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने खुद संभाली कमान, फायर हाइड्रेंट से लेकर क्विक रिस्पॉन्स तक का लिया जायजा
हल्द्वानी। दीपावली की रौनक के बीच आग की एक छोटी-सी चिंगारी भी बड़े हादसे में बदल सकती है। ऐसे में त्योहार के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस और अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियों को जमीन पर परखना शुरू कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हरबंश सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने हल्द्वानी में दो अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल कराकर आपातकालीन व्यवस्था की हकीकत परखी।
इस पूरी कवायद का मकसद केवल कागजों में तैयारियां दिखाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर यूनिट कितनी तेजी से घटनास्थल तक पहुंचती है और मौके पर पानी व अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं या नहीं।
पहली मॉक ड्रिल नरीमन क्षेत्र स्थित जहीर टी स्टॉल के पास कराई गई। यहां आसपास मौजूद फायर हाइड्रेंट, जल स्रोतों और उनकी जीआईएस लोकेशन की जानकारी जुटाई गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जीआईएस लिंक का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में नजदीकी जल स्रोत तक पहुंचने में समय बर्बाद न हो।
दूसरी मॉक ड्रिल मंगल पड़ाव चौकी के समीप मछली बाजार स्थित नित्या ज्वैलर्स में आग लगने की काल्पनिक सूचना देकर कराई गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम में तैनात महिला फायरमैन ने तत्काल दो फायर यूनिटों को रवाना किया। दोनों यूनिटों ने क्विक रिस्पॉन्स देते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी तत्परता का प्रदर्शन किया।
इस दौरान एसपी सिटी हरबंश सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने डीएम आवास के समीप जल संस्थान के ओवरहेड टैंक से जुड़े फायर हाइड्रेंट का भी परीक्षण किया। राहत की बात रही कि हाइड्रेंट सुचारु रूप से पर्याप्त पानी के दबाव के साथ काम करते मिले।
मॉक ड्रिल के दौरान सूचना मिलने से लेकर फायर यूनिटों की रवानगी, घटनास्थल तक पहुंचने, अधिकारियों के बीच समन्वय और जल स्रोतों की उपलब्धता तक हर पहलू को व्यावहारिक तौर पर जांचा गया।
खास बात यह रही कि एसपी सिटी हरबंश सिंह ने केवल निर्देश देने तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। त्योहार के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस और अग्निशमन विभाग का यह संयुक्त अभ्यास आपातकालीन तैयारियों को परखने की दिशा में अहम कदम है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सभी अग्निशमन इकाइयों को दीपावली के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहने और सूचना मिलते ही बिना देरी फायर यूनिट रवाना करने के निर्देश दिए। साथ ही जीआईएस आधारित लोकेशन और उपलब्ध जल स्रोतों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि दीपावली पर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें और किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें।


