Advertisement
Advertisement
ख़बर शेयर करें -

अश्मित गुजराल बोले: लोकतंत्र की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, चुनाव कराओ वरना प्रशासन से लेंगे मदद

हल्द्वानी: ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारियों में इन दिनों भारी असंतोष और आक्रोश है। वजह है व्यापारी एसोसिएशन के लंबे समय से टलते चुनाव। व्यापारी नेता अश्मित गुजराल ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में इस मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाते हुए कहा कि, “अब बहुत हो चुका, व्यापारियों को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।
गुजराल ने दो टूक कहा कि एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमरजीत सेठी के आकस्मिक निधन के बाद से कार्यकारिणी निष्क्रिय हो गई है। चूंकि चुनाव नहीं कराए गए हैं, इसलिए कार्यकारिणी स्वतः भंग मानी जानी चाहिए, लेकिन इसके बावजूद कुछ पदाधिकारी “जबरन” पदों पर टिके हुए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में न तो उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं और न ही कोई जवाबदेही बची है। मतदाता सूची तक तैयार नहीं की गई है, जिससे चुनाव प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है।
अश्मित गुजराल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई, तो व्यापारी प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करने पर मजबूर होंगे। उन्होंने कहा, “यह केवल एसोसिएशन का मुद्दा नहीं है, यह लोकतंत्र और व्यापारी हितों का मामला है।
प्रेस वार्ता के दौरान गुजराल के साथ जसपाल सिंह कोहली, कुंदन सिंह बिष्ट, जेसी पंत, विशाल जुनेजा, परमजीत सिंह, हरजीत सिंह, भूपेश मौर्या, बलजीत सिंह, गुरमीत सिंह, पंकज कुमार, प्रिंस सयाली, कैलाश चंद्र, रवि बिष्ट जैसे कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे जिन्होंने एकजुट होकर चुनाव की मांग को समर्थन दिया।
व्यापारी नेताओं का साफ कहना है कि अब वक्त आ गया है कि ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारी खुद अपने प्रतिनिधि चुनें, जो उनके मुद्दों को सही मंच पर उठा सकें। पारदर्शिता और जवाबदेही तभी आएगी जब लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अंत में गुजराल ने कहा हम कोई अहसान नहीं मांग रहे, हम अपने हक की बात कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट नगर का व्यापारी अब चुप नहीं बैठेगा।
अब देखना ये है कि क्या एसोसिएशन की कार्यकारिणी इस दबाव में चुनाव की घोषणा करती है या फिर संघर्ष की अगली किस्त सामने आने वाली है।

Comments

[gs-fb-comments]