
23 हजार कर्मचारियों की जरूरत, अब तक सिर्फ 12 हजार का ब्योरा मिला; निर्वाचन ड्यूटी से बच रहे विभागों पर डीएम आशीष चौहान सख्त
देहरादून। चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन चुनाव कराने वाली मशीनरी को तैयार करने में ही सरकारी विभागों के पसीने छूटने लगे हैं। निर्वाचन ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का ब्योरा मांगने पर 250 से अधिक विभागों ने अब तक प्रशासन को सूची उपलब्ध नहीं कराई। कुछ विभागों ने जो जानकारी भेजी भी है, वह अधूरी है। सरकारी कामकाज में जवाबदेही का यह हाल तब है, जब विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
देहरादून जिला प्रशासन ने इस लापरवाही को सामान्य सरकारी देरी मानकर नजरअंदाज करने के बजाय अब कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने साफ कर दिया है कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों से जुड़े निर्देशों की अनदेखी करने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
दरअसल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने जिले के सभी केंद्रीय और राज्य सरकार के विभागों, कार्यालयों तथा संस्थानों से वहां कार्यरत कर्मचारियों का पूरा विवरण मांगा था। मकसद था कि चुनाव में कितने कर्मचारी उपलब्ध होंगे, किस विभाग से कितनी मानवशक्ति मिल सकती है और रिजर्व कार्मिकों समेत पूरी निर्वाचन व्यवस्था के लिए कितनी तैयारी करनी होगी। लेकिन करीब 500 विभागों ने ही अब तक जानकारी दी है। 250 से अधिक विभागों की सूची अभी भी प्रशासन की फाइलों तक नहीं पहुंची है।
आंकड़े प्रशासन की चिंता बढ़ाने वाले हैं। विधानसभा चुनाव-2027 के लिए देहरादून जिले में रिजर्व कार्मिकों सहित करीब 23 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इसके मुकाबले अब तक महज 12 हजार कर्मचारियों का विवरण ही उपलब्ध हो पाया है। यानी जरूरत के हिसाब से करीब 11 हजार कर्मचारियों का ब्योरा अभी भी गायब है।
सवाल यह है कि जब चुनाव की तैयारियां पहले से शुरू हैं, तब सरकारी विभाग अपने ही कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराने में इतनी देरी क्यों कर रहे हैं? निर्वाचन जैसी संवैधानिक प्रक्रिया में कर्मचारियों की उपलब्धता का आकलन ही अधूरा रहेगा तो आगे की व्यवस्थाओं की तस्वीर कैसे स्पष्ट होगी?
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के मुताबिक, कई विभागों ने निर्धारित समय सीमा में सूची नहीं भेजी है, जबकि कुछ ने अधूरी जानकारी उपलब्ध कराई है। प्रशासन ने अब संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्धारित प्रारूप में कर्मचारियों का पूरा और अद्यतन विवरण तत्काल निर्वाचन कार्यालय को देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम आशीष चौहान ने विभागाध्यक्षों को खुद सूची की निगरानी करने और उसकी शुद्धता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि चुनावी जिम्मेदारी में लापरवाही को केवल पत्राचार और याद दिलाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा।
अब देखना यह है कि जिन विभागों को कर्मचारियों का ब्योरा देने में महीनों लग रहे हैं, वे प्रशासन की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद कितनी तेजी दिखाते हैं। फिलहाल चुनाव से पहले ही प्रशासन और सरकारी विभागों के बीच जवाबदेही की परीक्षा शुरू हो गई है।


