Advertisement
Advertisement
ख़बर शेयर करें -

देर रात तक चली मैराथन बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों से लिया फीडबैक, अधीनस्थों की समस्याओं के समाधान और फरियादियों को त्वरित न्याय के दिए निर्देश,कोतवाली की मैस में अचानक पहुंचे एसएसपी, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

आशुतोष सरकार

नैनीताल। जनपद की पुलिस कमान संभालते ही नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और बेहतर समन्वय उनकी प्राथमिकता में रहेगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने देर रात तक जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ मैराथन बैठक कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत समझी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे आमजन का भरोसा मजबूत हो और प्रत्येक फरियादी को न्याय मिलने का विश्वास पैदा हो।
परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक में एसएसपी ने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के साथ संवाद, शिकायतों का त्वरित निस्तारण और पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर तालमेल भी इसका अहम हिस्सा है।
एसएसपी यदुवंशी ने पुलिस विभाग में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। अधिकारी अपने अधीनस्थों के साथ विश्वास का माहौल बनाएं, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकें। कार्मिकों की समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान किया जाएगा।
नैनीताल की पर्यटन नगरी के रूप में विशेष पहचान का उल्लेख करते हुए एसएसपी ने कहा कि यहां देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसका प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एक टीम के रूप में काम करें और आने वाली चुनौतियों का पूरी प्रतिबद्धता से सामना करें। उनका स्पष्ट संदेश था कि पुलिसिंग में व्यक्तिगत प्रयासों के साथ टीम भावना और विभागीय समन्वय का विशेष महत्व है।
बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संकेत दिया कि पुलिस विभाग में बेहतर कार्यसंस्कृति के लिए जनता के प्रति संवेदनशीलता के साथ पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और कार्यस्थल की व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देना जरूरी है।
बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ भवाली अंजना नेगी, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ विनय सिंह, सीओ ऑपरेशंस समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments

[gs-fb-comments]