Advertisement
Advertisement
ख़बर शेयर करें -

41 श्रमिकों को सुरंग से सुरक्षित निकालने से लेकर धराली आपदा में 1386 लोगों के रेस्क्यू तक का अनुभव, आपदा प्रबंधन और पुलिसिंग का लंबा अनुभव लेकर पहुंचे नैनीताल

आशुतोष सरकार

हल्द्वानी। सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले अधिकारी अब नैनीताल जिले की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उनकी तैनाती को नैनीताल पुलिस के लिए एक ऐसे नेतृत्व के आगमन के रूप में देखा जा रहा है, जिसके पास सामान्य पुलिसिंग के साथ-साथ बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन, आपदा प्रबंधन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने का व्यापक अनुभव है।
अर्पण यदुवंशी के सेवाकाल का सबसे चर्चित अध्याय उत्तरकाशी का सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान रहा है। उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने घटना कमांडर के रूप में इस चुनौतीपूर्ण अभियान का नेतृत्व किया। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान ने उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई।
उत्तरकाशी के बाद उन्होंने सेनानायक, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की जिम्मेदारी संभाली। करीब दो वर्षों के कार्यकाल में उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण अभियान संचालित किए गए। अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान एसडीआरएफ ने 1386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में भी उन्होंने एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया।
उनके कार्यकाल में एसडीआरएफ उत्तराखंड को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। साथ ही करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अर्पण यदुवंशी पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी) और पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उत्तरकाशी में करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उन्होंने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया है। बीआरआईसी आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में राज्य का प्रतिनिधित्व करने के साथ ही सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभव साझा किए। एनसीजीजी, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में भी आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिए।
उनकी सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की प्रशस्ति सहित पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया जा चुका है।
अब नैनीताल जिले में उनके सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था, पर्यटकों की सुरक्षा और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी होगी। सरोवर नगरी से लेकर हल्द्वानी और तराई के क्षेत्रों तक फैले इस जिले में उनकी कार्यशैली और अनुभव पर पुलिस महकमे के साथ आम जनता की भी निगाहें रहेंगी।

यह भी पढ़ें 👉  छापे के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित: करोड़ों के लेनदेन के बावजूद कथित वैद्य स्वरूप सिंहका बैंक खाता क्यों नहीं हुआ सीज?

Advertisement
Ad Ad

Comments

[gs-fb-comments]