
आठ समितियों में होगा कूटनीतिक संवाद, नेतृत्व और तार्किक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे प्रतिभागी
हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) हल्द्वानी में दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। Aspirants Learning के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 145 से अधिक विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन के दौरान विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, वैश्विक चुनौतियों, कूटनीति और विभिन्न देशों की नीतियों पर चर्चा कर अपनी नेतृत्व क्षमता और तार्किक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और विद्यालय की कॉयर टीम की मधुर सामूहिक प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही तथा Aspirants Learning के संस्थापक प्रियंशु ग्रोवर और आदर्श ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे आत्मविश्वास, निष्पक्षता और सकारात्मक सोच के साथ चर्चा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन में कुल आठ समितियां गठित की गई हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न समसामयिक और वैश्विक विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। प्रतिभागी अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए अंतरराष्ट्रीय समस्याओं पर अपने विचार रखेंगे और कूटनीतिक संवाद के जरिए समाधान तलाशेंगे।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, MUN जैसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वैश्विक परिस्थितियों को समझने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देते हैं। इससे विद्यार्थियों में शोध, संवाद, नेतृत्व, आलोचनात्मक चिंतन और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। दो दिवसीय आयोजन का पहला दिन बौद्धिक विमर्श और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।


