
पंचूर में मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन कर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, 91 साल की उम्र में पैतृक गांव में ली अंतिम सांस; शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
देहरादून/पौड़ी। लाखों लोगों के लिए प्रेरणा और करोड़ों लोगों की उम्मीदों का चेहरा बने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजरे। सत्ता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी मां के सामने वह सिर्फ एक बेटे थे। मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के सामने पहुंचे तो पद, प्रतिष्ठा और मुख्यमंत्री की पहचान पीछे छूट गई। सामने था तो बस मां को हमेशा के लिए खो देने का असहनीय दुख। उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में मां के अंतिम दर्शन करते हुए योगी बेहद भावुक नजर आए।
91 वर्षीय सावित्री देवी ने शुक्रवार को पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। मां के निधन की खबर मिलते ही योगी आदित्यनाथ लखनऊ से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। वह लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए यमकेश्वर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी के हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। मां के अंतिम दर्शन कर उन्होंने श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
शनिवार को हरिद्वार में होगी अंतिम विदाई
मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह सात बजे पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। वह लक्ष्मणझूला बैराज मोटर मार्ग से सड़क मार्ग के जरिए हरिद्वार पहुंचेंगे। अंतिम संस्कार को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। मां की अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
पहाड़ की मिट्टी से जुड़ा रहा मां का जीवन
सावित्री देवी का पूरा जीवन सादगी और पहाड़ की मिट्टी से जुड़ा रहा। उम्र के 91वें पड़ाव तक उन्होंने अपना पैतृक गांव पंचूर नहीं छोड़ा। बढ़ती उम्र के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ीं तो कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मां का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। वर्ष 2020 में पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन के बाद अब मां का साथ भी छूट गया। परिवार ने अपना दूसरा बड़ा सहारा खो दिया।
जिस आंगन में बीता बचपन, वहीं पसरा है बिछड़ने का गम
योगी आदित्यनाथ का जन्म पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में हुआ था। संन्यास और राजनीति के लंबे सफर के बाद भी उनकी जड़ें इसी मिट्टी से जुड़ी रहीं। जिस गांव और आंगन में उनका बचपन बीता, शुक्रवार को उसी आंगन में मां को खोने का गम पसरा रहा। मां का आशीर्वाद अब भले ही सिर पर नहीं होगा, लेकिन उनसे जुड़ी यादें और संस्कार जीवनभर साथ रहेंगे।
धामी और ऋतु खंडूड़ी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और संबल होता है। उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। दोनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं, बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पंचूर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मां का दुनिया से चले जाना जीवन का सबसे बड़ा दुख है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल देने की प्रार्थना की।
मां का आंचल भले छूट गया, यादें हमेशा रहेंगी। पंचूर में शनिवार को सावित्री देवी की अंतिम विदाई होगी, लेकिन जिस ममता और संस्कारों की छांव में योगी का बचपन बीता, उसकी स्मृतियां जीवनभर उनके साथ रहेंगी।


