Advertisement
Advertisement
ख़बर शेयर करें -

अगस्त्यमुनि में बारात की जीप खाई में गिरी तो गूलर में नदी में समाई यात्री बस, दो स्कूटी सवारों समेत चार अन्य ने भी गंवाई जान

देहरादून। उत्तराखंड की सड़कों पर बीते 24 घंटे भारी पड़े। रुद्रप्रयाग और टिहरी जिले में हुए पांच अलग-अलग सड़क हादसों ने 17 परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हुए हैं। कहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गईं तो कहीं यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसों के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटनाओं पर दुख जताया है।
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में सोमवार रात करीब नौ बजे बड़ा हादसा हो गया। पोखरी में शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार की हालत बेहद गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी पुलिस बल और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात का अंधेरा राहत एवं बचाव कार्य में बाधा बना, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान पूरा किया गया। हादसे के बाद रांसी, गोंडार और आसपास के गांवों में शोक छा गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अगस्त्यमुनि हादसे के बाद मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे टिहरी जिले के गूलर के पास दूसरा बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बचाव दलों ने काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी के अनुसार, बस सुबह करीब सवा तीन बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी, लेकिन करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद घायलों में 18 को एम्स ऋषिकेश और सात को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
मुनि की रेती के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने नौ लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि की।
टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:15 बजे स्कूटी दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय आशीष और 32 वर्षीय प्रेम सिंह, निवासी टिहरी के रूप में हुई है।
घनसाली क्षेत्र के चमियाला-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग पर भटेड़ी बैंड के पास स्कूटी और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 35 वर्षीय सुरेंद्र सिंह निवासी टिहरी गढ़वाल की मौत हो गई।
टिहरी जिले के बांसलकाटा के पास एक अन्य दुर्घटना में यूटिलिटी कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक 50 वर्षीय वीर सिंह पुत्र सूरत सिंह, निवासी बांसलकाटा की मौत हो गई।
टिहरी जिले में हुए दर्दनाक हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  आंकड़ों की बाजीगरी या मजबूरी

Advertisement
Ad Ad

Comments

[gs-fb-comments]