Advertisement
ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड पत्रकार महासंघ के समारोह में पत्रकारिता की निष्पक्षता और हिंदी के संरक्षण पर दिया गया जोर

देहरादून। राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पत्रकार महासंघ की ओर से आयोजित समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नौ पत्रकारों को पत्रकार गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष निशीथ सकलानी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता अनूप वाजपेयी ने कहा कि पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को स्वीकार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले पत्रकार ही अपनी विश्वसनीयता और अस्तित्व को बनाए रख सकते हैं। आधुनिक तकनीक को सकारात्मक रूप से अपनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि समाज पर समाचार का प्रभाव ही पत्रकार की वास्तविक सफलता का पैमाना है।

यह भी पढ़ें 👉  मुरादाबाद में बवाल, चार पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज


उन्होंने हिंदी भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष बल देते हुए कहा कि नई पीढ़ी में हिंदी के शुद्ध उच्चारण और लेखन को लेकर चिंता बढ़ रही है। उन्होंने एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि देहरादून के कई विद्यार्थी देहरादून और देवभूमि जैसे शब्द भी सही वर्तनी में नहीं लिख पा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। हंसा सांस्कृतिक समूह के कलाकारों ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। महासंघ की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।


विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता के क्षेत्र में नए प्रयोग हो रहे हैं, लेकिन प्रतिस्पर्धा के कारण पत्रकारिता का मूल स्वरूप प्रभावित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने पत्रकारों से अपनी खबरों में निष्पक्षता और मौलिकता बनाए रखने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  जब ठहरी हुई तनख्वाहों ने फिर से बहना शुरू किया, हल्द्वानी के उपनल कर्मियों के लिए राहत की बयार


इस अवसर पर पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष उपेंद्र थापली, दून इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक डॉ. डी.एस. मान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण शर्मा, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा सहित अनेक पत्रकारों और समाजसेवियों ने विचार व्यक्त किए।


समारोह में अजय राणा, बिशन सिंह बोरा (अमर उजाला), विमल पूर्वाल (हिंदुस्तान), सुनील नवप्रभात (न्यूज 18), सुशील चमोली (हिम की लहर), राजीव शर्मा (दुनिया टाइम्स), राजीव मैथ्यू (सेवा भारत टाइम्स), टीना वैश्य (अनंत ज्योति) तथा घनश्याम जोशी, दैनिक जनवाणी के सिटी इंचार्ज राजेश सरकार व पत्रकार डॉ. वी.डी. शर्मा को सम्मानित किया गया।


अध्यक्षीय संबोधन में निशीथ सकलानी ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत पत्रकारिता आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों की चुनौतियों और आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए पत्रकारिता को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Advertisement
Ad Ad Ad Ad Ad

Comments

[gs-fb-comments]