Advertisement
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में शनिवार को आयोजित आरंभ यूनिटी इन डाइवर्सिटी: ए मल्टीलिंगुअल जर्नी थ्रू इंडिया कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को 20 लाख रुपये से अधिक की छात्रवृत्तियाँ प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल क्षितिज आर्यमाने रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। इस दौरान मेधावी छात्रों को ईएसएम स्कॉलरशिप योजना के तहत छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
विद्यालय द्वारा 98 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1.5 लाख रुपये, 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों को 1 लाख रुपये तथा 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई।
सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्रा अरिना रघुवंश को 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तराखंड क्षेत्र की स्टेट टॉपर बनने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय टॉपर जिज्ञासा भट्ट (97.2 प्रतिशत) एवं तृतीय टॉपर निशिका पपनै (96.2 प्रतिशत) को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु, ओडिशा एवं उत्तराखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने एकता में विविधता का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य, संगीत एवं बहुभाषीय प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की छात्रवृत्तियाँ विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचने का अवसर प्रदान करती हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Comments

[gs-fb-comments]