
गूगल पर जानकारी पढ़ने के बाद बढ़ी घबराहट, डॉक्टरों की काउंसलिंग से हुआ सामान्य
लोहाघाट (बाराकोट): बाराकोट क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सपने में कुत्ते के काटने की घटना से डरा 12 वर्षीय बच्चा इतना घबरा गया कि उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सुंगरखाल क्षेत्र निवासी बच्चे ने रात में सपना देखा कि उसे कुत्ते ने काट लिया है। सुबह उठने के बाद उसने मोबाइल पर गूगल के जरिए कुत्ते के काटने से जुड़ी जानकारी और वीडियो देखने शुरू कर दिए। इंटरनेट पर मौजूद जानकारियों का असर उसके मन पर इतना गहरा पड़ा कि वह भयभीत हो गया और लगातार रोने, घबराने तथा पेट दर्द की शिकायत करने लगा।
घबराए परिजन बच्चे को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराकोट लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर बच्चा लगातार डरा-सहमा रहा और खुद को कुत्ते के काटने का शिकार बताता रहा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह ने बच्चे की जांच कर उसकी काउंसलिंग की। काफी देर तक समझाने और मानसिक रूप से शांत करने के बाद बच्चा सामान्य स्थिति में आया। इसके बाद उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि कई बार व्यक्ति सपनों या मानसिक भय को वास्तविक मान बैठता है, जिससे वह असामान्य व्यवहार करने लगता है। बच्चे में भी इसी प्रकार की स्थिति देखने को मिली। उन्होंने परिजनों को सलाह दी कि बच्चे को मनोचिकित्सक को भी दिखाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने भी माना कि आजकल बच्चे अत्यधिक समय मोबाइल और इंटरनेट पर बिता रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इंटरनेट पर उपलब्ध हर जानकारी बच्चों के लिए उपयुक्त नहीं होती। अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उन्हें रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना चाहिए।
