Advertisement
Advertisement
ख़बर शेयर करें -

जौलजीबी मेले के उद्घाटन के बाद पुलिस से भिड़े विधायक समर्थक, सरकारी काम में बाधा और मारपीट के आरोप; धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

धारचूला। जौलजीबी मेले का उद्घाटन जिस मंच से उत्सव और उल्लास के साथ होना था, उसी आयोजन का समापन विवाद और पुलिस मुकदमे के साथ हुआ। मेले के कार्यक्रम के बाद विधायक और मेला समिति के अध्यक्ष हरीश सिंह धामी समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
जौलजीबी थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, कार्यक्रम के समापन के दौरान विधायक हरीश सिंह धामी, राम सिंह रोकाया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू समेत अन्य लोग मौजूद थे। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।
पुलिस ने विधायक समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें 👉  नूंह के बाद पलवल- गुरुग्राम में भड़की हिंसा

पुलिस मुकदमे के बीच मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर हमला

उधर, जौलजीबी मेले से जुड़े विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस के नेता निराश हैं और अपना मानसिक संतुलन खोते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक अमर्यादित आचरण की परिपाटी बन गई है।
रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठन की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस का आम जनता के सरोकारों से कोई लेना-देना नहीं रह गया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता कांग्रेस को जवाब देगी।
गौरतलब है कि जौलजीबी का विवाद अब केवल मेले के आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है। एक तरफ पुलिस की प्राथमिकी है तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री का राजनीतिक हमला। सवाल यह है कि जिस आयोजन का मकसद सीमांत क्षेत्र की संस्कृति और मेल-मिलाप को सामने लाना था, वह आखिरकार सियासी आरोप-प्रत्यारोप और कानूनी कार्रवाई के बीच क्यों उलझ गया?

Comments

[gs-fb-comments]