Advertisement
ख़बर शेयर करें -

एसयूवी समेत अन्य वाहनों की होगी जांच, अनाधिकृत बदलाव करने वालों पर होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और वाहनों में किए जा रहे अनाधिकृत बदलावों पर अंकुश लगाने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हल्द्वानी संभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत एसयूवी सहित अन्य वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म, मानक के विपरीत तेज रोशनी वाली लाइटें, मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर के खिलाफ सघन कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ हल्द्वानी संभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार यह तीन दिवसीय विशेष अभियान 4 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), इंटरसेप्टर दल और टास्क फोर्स अपने-अपने क्षेत्रों में वाहनों की जांच करेंगे।
आरटीओ प्रशासन डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि वाहनों में किए गए ऐसे अनाधिकृत संशोधन सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। विशेष रूप से अत्यधिक तीव्र प्रकाश वाली एलईडी और लेजर लाइटों से सामने से आने वाले वाहन चालकों की दृष्टि प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। वहीं तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर ध्वनि प्रदूषण के साथ आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि प्रभावी और परिणामोन्मुख हो। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार ब्लैक फिल्म और अवैध उपकरण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान समाप्त होने के बाद की गई कार्रवाई का पूरा विवरण आरटीओ कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें किए गए चालानों की संख्या, हटाई गई ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर की जानकारी शामिल होगी।
आरटीओ प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का ऐसा बदलाव न करें, जो यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों के विपरीत हो। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी है।

Comments

[gs-fb-comments]