Advertisement
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता द्वितीय वृत्त, लोक निर्माण विभाग नैनीताल राजेश पंत और अधिशासी अभियंता निर्माण खंड हल्द्वानी प्रत्यूष कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति उत्तराखंड की आस्था और पर्यावरण संरक्षण की परंपरा का प्रतीक है।
अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने कहा कि प्रकृति के साथ ही विकास संभव है। केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया, जिससे वृक्षारोपण अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सके।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हरेला पर्व पर चलाया जा रहा यह अभियान समाज में हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर सहायक अभियंता ललित तिवारी, सहायक अभियंता हरीश जोशी, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, अपर सहायक अभियंता चंचल कोरंगा, अपर सहायक अभियंता संजय काकी, अपर सहायक अभियंता राजेश जोशी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नैनीताल जगदीश सिंह बिष्ट एवं क्षेत्रीय महामंत्री हिमांशु पांडेय, कुमाऊं मंडल उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग भी मौजूद रहे।

Comments

[gs-fb-comments]