Advertisement
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में ग्रैंडपैरेंट्स डे का आयोजन उल्लास, स्नेह और भावनात्मक माहौल के बीच धूमधाम से किया गया। प्ले ग्रुप से नर्सरी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दादा-दादी और नाना-नानी का दिल जीत लिया।
बच्चों ने नैतिक कहानियों पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। साथ ही लघु अभिनय के माध्यम से दादा-दादी और नाना-नानी के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और अटूट रिश्ते को दर्शाया। नन्हे कलाकारों की मासूम अदाओं और भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रीटा अग्रवाल ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी बच्चों के जीवन में अनुभव, प्रेम और मार्गदर्शन का अमूल्य स्रोत होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
समापन अवसर पर उपस्थित दादा-दादी और नाना-नानी के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। यह आयोजन विद्यालय की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें शिक्षा के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक विकास को भी समान महत्व दिया जाता है।

Comments

[gs-fb-comments]