Advertisement
ख़बर शेयर करें -

भविष्यवाणी, संदेश और संकेत कांग्रेस में इशारों की राजनीति

राजेश सरकार

हल्द्वानी: उत्तराखंड कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच हल्द्वानी से विधायक सुमित हृदयेश का बयान आया है और यह बयान कम, राजनीतिक भविष्यवाणी ज्यादा लगता है। उन्होंने सीधे-सीधे कह दिया कि 2027 में रंजीत रावत और संजय नेगी दोनों विधायक बनने वाले हैं। राजनीति में भविष्यवाणी करना आसान है,
लेकिन टिकट दिलाना वही असली ज्योतिष है। सवाल यह नहीं है कि दोनों जीतेंगे। सवाल यह है कि टिकट किसे मिलेगा? विधायक सुमित हृदयेश कहते हैं जो समझदार है वो मेरे इशारों को समझ जाएगा। राजनीति में जब बात सीधे नहीं कही जाती, तो समझ लीजिए वह सबसे सीधी बात होती है। उनके बयान में एक बार फिर केंद्र में वही नाम पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत। उन्होंने उन्हें सबसे मजबूत नेता बताया गया। यह वही समय है जब हरदा 15 दिन के ब्रेक (उपवास)पर हैं, और उनके समर्थक 24 घंटे एक्टिव। हृदयेश ने उनसे अपील भी की आप उपवास करें, लेकिन हमें सरकार चाहिए।राजनीति में यह नया संतुलन है नेता तपस्या करे, कार्यकर्ता चुनाव लड़े। सुमित हृदयेश ने भारतीय जनता पार्टी पर जंगलराज का आरोप लगाया। लेकिन असली संदेश बीजेपी को नहीं, कांग्रेस के भीतर के नेताओं को था कोई दूसरा, तीसरा, चौथा ना आए। यानि लाइन में वही लगें, जो पहले से खड़े हैं।
उन्होंने कहा जिसने जहां मेहनत की है, उसे टिकट मिलना चाहिए। यह बात सुनने में जितनी सरल है, कांग्रेस की राजनीति में उतनी ही जटिल। क्योंकि यहां मेहनत का हिसाब वोट से कम, समीकरण से ज्यादा होता है। बयान के अंत में एकता की अपील की गई लेकिन अंदाज़ ऐसा, जैसे चेतावनी हो। यह मौका है, चूकना मत। राजनीति में जब एकजुटता की बात बार-बार होने लगे, तो समझ लीजिए एकजुटता सबसे ज्यादा खतरे में है।
उत्तराखंड कांग्रेस में इस समय बयान नहीं संकेत चल रहे हैं। कोई भविष्यवाणी कर रहा है, कोई समर्थन जता रहा है, और कोई 15 दिन का ब्रेक लेकर पूरी पार्टी को सोचने पर मजबूर कर रहा है। कुल मिलाकर 2027 अभी दूर है, लेकिन कांग्रेस में चुनाव अभी से शुरू हो चुका है टिकट का, नेतृत्व का और इशारों को समझने का।

Comments

[gs-fb-comments]