
कपिल लाल को कैंपा की कमान, कई डीएफओ बदले, मसूरी, देहरादून, हल्द्वानी समेत प्रमुख वन प्रभागों में बदलाव
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने वन विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर उप वन संरक्षक स्तर तक बड़े पैमाने पर तैनाती में बदलाव किए हैं। वन अनुभाग-1 की ओर से 5 अगस्त को जारी आदेश के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे बड़े बदलाव में प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल (आईएफएस-1993) को मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपा और नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन, उत्तराखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं नीना ग्रेवाल (आईएफएस-1993) को प्रबंध निदेशक, उत्तराखंड वन विकास निगम का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
अपर प्रमुख वन संरक्षक स्तर पर बीके गांगटे (आईएफएस-1998) को बाध्य प्रतीक्षारत करते हुए कार्यालय प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) से संबद्ध किया गया है। जबकि सुरेंद्र मेहरा (आईएफएस-1999) को वन अनुसंधान, प्रबंधन एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी के साथ नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन और सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
मुख्य वन संरक्षक स्तर पर डॉ. मधुकर धकाते (आईएफएस-2002) को वन पंचायत एवं सामुदायिक वानिकी तथा मुख्य वन संरक्षक मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार मिला है। उन्हें उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। वहीं सुशांत कुमार पटनायक (आईएफएस-2002) को वन संरक्षण, वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन से मुक्त करते हुए वन पंचायत एवं सामुदायिक वानिकी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वन संरक्षक स्तर पर चंद्रशेखर सनवाल (आईएफएस-2010) को बाध्य प्रतीक्षारत रखा गया है। नीतू लक्ष्मी एम. (आईएफएस-2010) को यमुना वृत्त का वन संरक्षक और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जबकि कल्याणी (आईएफएस-2012) को अपर सचिव वन विभाग के साथ वन संरक्षक यमुना वृत्त की जिम्मेदारी मिली है।
19 डीएफओ के तबादले, बदले वन प्रभागों के मुखिया
शासन ने उप वन संरक्षक (डीएफओ) स्तर पर भी बड़ा बदलाव करते हुए 19 अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। अमित कंवर (आईएफएस-2014) को मसूरी से चकराता वन प्रभाग भेजा गया है। वहीं वैभव कुमार सिंह (आईएफएस-2015) को चकराता से देहरादून वन प्रभाग की जिम्मेदारी दी गई है। नीरज कुमार (आईएफएस-2015) को देहरादून से उत्तराखंड वन विकास निगम में प्रतिनियुक्ति पर प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक बनाया गया है। हिमांशु बागड़ी (आईएफएस-2016) को तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी से टिहरी भेजा गया है, जबकि दीपक सिंह (आईएफएस-2017) को अल्मोड़ा से तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी की कमान दी गई है।
आशुतोष सिंह को पिथौरागढ़ से टौंस वन प्रभाग पुरोला, पुनीत तोमर को टिहरी से तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर और जीवन मोहन दगड़े को लैंसडौन से उत्तरकाशी वन प्रभाग भेजा गया है।
इसके अलावा अभिमन्यु को नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क जोशीमठ से अल्मोड़ा, आदित्य रत्न को बागेश्वर से पिथौरागढ़, रजत सुमन को रुद्रप्रयाग से केदारनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर और प्रणाली रमेश को देहरादून स्थित कार्यालय से बद्रीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर भेजा गया है।
वहीं प्रकाश चंद्र आर्य को तराई पश्चिमी से बागेश्वर और देवी प्रसाद बलूनी को उत्तरकाशी से मसूरी वन प्रभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अन्य नव नियुक्त आईएफएस अधिकारियों को भी विभिन्न वन प्रभागों में तैनाती मिली है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती का कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश सचिव वन विभाग सी. रविशंकर के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
