
प्रदेश की राजनीतिक चुनौतियों और जनमुद्दों को राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखने का मिला मौका, शैलजा और गोदियाल भी रहे मौजूद
नई दिल्ली। उत्तराखंड कांग्रेस की सियासत में दिल्ली की एक मुलाकात ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा है। कांग्रेस महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी से उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात कर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, जनसमस्याओं और संगठन की स्थिति पर चर्चा की। इस मुलाकात में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी को खास अहमियत के साथ देखा जा रहा है,
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई इस मुलाकात में प्रदेश की राजनीतिक चुनौतियों और आगामी चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। यशपाल आर्य की सक्रिय मौजूदगी ने इस मुलाकात को प्रदेश कांग्रेस के भीतर उनके राजनीतिक महत्व और संगठन में उनकी भूमिका के लिहाज से भी चर्चा में ला दिया है।
उत्तराखंड की राजनीति में यशपाल आर्य लंबे समय से एक अनुभवी और स्थापित दलित नेता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। विधानसभा से लेकर प्रदेश के जनमुद्दों तक उनकी सक्रियता कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक आधार मानी जाती है। ऐसे में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ इस संवाद को प्रदेश में कांग्रेस की आगामी रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस मुलाकात का संदेश केवल नेताओं के बीच औपचारिक संवाद तक सीमित नहीं है। 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने, जनआक्रोश को राजनीतिक दिशा देने और जनता के बीच प्रभावी विकल्प के रूप में उभरने की चुनौती है। ऐसे समय में वरिष्ठ नेताओं का राष्ट्रीय नेतृत्व से संवाद प्रदेश कांग्रेस की आगे की रणनीति के लिए अहम माना जा रहा है।


