
हल्द्वानी। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह ने एटीएस सेंटर बेलबाबा का संयुक्त निरीक्षण किया। उनके साथ सहायक संभागीय अधिकारी वीके सिंह और आरआई टेक्निकल अजय गुप्ता भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप, इंडिकेटर नहीं लगे थे और टायर की स्थिति ठीक नहीं थी। ऐसे वाहनों को फिटनेस जारी न करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एटीएस इंचार्ज को सख्त हिदायत दी गई कि वाहन केवल यांत्रिक स्थिति, टायर, एचएसआरपी, लाइट, इंडिकेटर और रिफ्लेक्टिव टेप सही पाए जाने पर ही फिटनेस जारी की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि सभी फीस दरें संस्थान के अंदर और बाहर स्पष्ट रूप से चस्पा की जाए और निर्धारित फीस ही ली जाए। इसके अलावा वाहन स्वामियों और चालकों के साथ अनुशासन और सद् व्यवहार बनाए रखा जाए तथा उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। इस निरीक्षण ने एटीएस सेंटर में सख्ती और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संदेश को मजबूती से पेश किया।
