
हल्द्वानी। पीएसएन स्कूल में 20 दिसंबर को आयोजित अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर रही। नगर के नौ प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने प्रतियोगिता में दमखम दिखाया और खेल भावना के साथ शानदार मुकाबले खेले। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. अभिषेक मित्तल ने शपथ ग्रहण समारोह के साथ किया, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, निष्पक्षता और खेल भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। प्रतियोगिता में आकृति एंजल्स अकादमी, लिटिल फ्लावर स्कूल, दर्पण चिल्ड्रन गार्डन, लॉर्ड कृष्णा स्कूल, मैपल वुड स्कूल, जागृति शिक्षा निकेतन, द पर्सिस्टेंट स्टूडेंट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल और ओकबड्स स्कूल की टीमों ने भाग लिया। कड़े और रोचक मुकाबलों के बाद पीएसएन अचीवर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि जागृति शिक्षा निकेतन की टीम उपविजेता रही। दर्पण चिल्ड्रन गार्डन के खिलाड़ी मनीष बिष्ट को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट चेज़र’ चुना गया।प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सराहनीय पहल की। अतिथियों और प्रतिभागियों को पुनः उपयोग की गई प्लास्टिक बोतलों से बने गमलों में इको-फ्रेंडली पौधे भेंट किए गए, जिसे सभी ने खूब सराहा। समापन अवसर पर विद्यालय की संस्थापक प्रेमा मित्तल और प्रधानाचार्या डॉ. मोनिका मित्तल ने विजेता व उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर डॉ. अभिषेक मित्तल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें अनुशासन, टीम भावना व नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
