
टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए परखच्चे, चार गंभीर घायलों को जोशीमठ किया रेफर
चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम लामबगड़ के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक पिकअप और राजस्थान नंबर की कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी आठ लोगों की जान बच गई। हालांकि, हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के समीप पिकअप और राजस्थान नंबर की कार आमने-सामने टकरा गईं। पिकअप में छह लोग सवार थे, जबकि कार में दो लोग मौजूद थे। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों की चीख-पुकार से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सभी आठ घायलों को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जोशीमठ रेफर कर दिया, जबकि अन्य चार का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पहाड़ की सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गौरतलब है कि बुधवार को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई थी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू किया गया। वाहन में गुजरात के यात्री सवार थे। हादसे में हरिद्वार निवासी चालक सुरेंद्र सिंह की भी मौके पर मौत हो गई थी। दो अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था।


