Advertisement
Advertisement
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी : Delhi Public School Haldwani में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित भव्य अलंकरण समारोह एवं स्कॉलर बैज सेरेमनी 2025-26 उपलब्धियों, नेतृत्व और शैक्षणिक उत्कृष्टता के नाम रही। समारोह में छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए, वहीं कक्षा 6 से 12 तक के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल विजय प्रताप सिंह (सेना मेडल), डॉ. युविका चौहान, हिमालय एजुकेशन सोसाइटी के चेयरमैन भूमेश अग्रवाल, डायरेक्टर श्रीमती श्रेयल अग्रवाल, प्रीतम कुमार गुप्ता, एसडीएम गदरपुर श्रीमती ऋचा सिंह एवं प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही उपस्थित रहे। अलंकरण समारोह के अंतर्गत विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र परिषद सदस्यों, हाउस कैप्टन, सांस्कृतिक प्रभारी, अनुशासन प्रभारी एवं खेल कप्तानों को बैज अलंकृत कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विद्यालय के हेड बॉय आरुष टंडन एवं हेड गर्ल अमीषी अग्रवाल को छात्र परिषद का नेतृत्व सौंपा गया। प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। इसी अवसर पर आयोजित स्कॉलर बैज सेरेमनी 2025-26 में मेधावी विद्यार्थियों को रेड बैज, ब्लू ब्लेज़र एवं ब्लू बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कर्नल विजय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने सपनों को पहचानकर उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों से साकार करना होना चाहिए। प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही ने कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, समय के सदुपयोग एवं विनम्रता का परिणाम होती है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Comments

[gs-fb-comments]