
रुद्रपुर: उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री व किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे और रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 39 से पार्षद सौरभ बेहड़ पर देर शाम जानलेवा हमला किया गया। आवास विकास क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सौरभ पर अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और आईसीयू में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है, बताया जा रहा है कि सौरभ बेहड़ किसी मामले को लेकर आवास विकास चौकी जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में उन पर हमला कर दिया और बुरी तरह पीटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस बल और कांग्रेस से जुड़े कई नेता अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचे। आवास विकास चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में रोष व्याप्त है। नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस संबंध में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा, हमला करने वाले कौन थे, यह जल्द सामने आ जाएगा। पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है, लेकिन यह घटना बेहद निंदनीय है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
