
अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सोमेश्वर चनौदा में स्वतंत्रता सेनानी स्मारक में शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शहादत को नमन करते हुये उन्हें श्रद्वांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने देश की आजादी के लिये मर मिटने वाले शहीदों के योगदान को याद किया। चनौदा शहीद दिवस पर समारोह में मंत्री रेखा आर्य ने कहा यह दिन बेहद ऐतिहासिक है। यदि स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष कर अपने प्राणों की आहुती नहीं दी होती तो आज हम भारत माता की जय का उद्घोष भी नहीं कर पाते। बेहद गर्व है कि मैंने सोमेश्वर की बोरारौ घाटी में जन्म लिया। जहां के स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सोमेश्वर विधानसभा में विकास के अभूतपूर्ण कार्य करने को प्रयासरत हूं। हमारी सरकार कोरी घोषणाएं विकास कार्य को धरातल पर उतारती है। हम जिस विकास कार्य का भूमि पूजन करते हैं उसका लोकापर्ण करते है। समय बदल चुका है, अगर कार्य करने की इच्छा हो तो कोई भी ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती जो विकास के रास्ते में रोड़ा बने। कमेटी अध्यक्ष महिपाल सिंह भाकुनी ने मंत्री रेखा आर्य का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंजली जोशी, जिला पंचायत सदस्य गीता जोशी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बालम भाकुनी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की वीरांगना धना बोरा, राजेंद्र बराकोटी, कुदन भंडारी, लाल सिंह बजेठा, सुरेंद्र बोरा समेत तमाम संगठन के कार्यकर्ता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजन मौजूद रहे।