Advertisement
ख़बर शेयर करें -

98.8 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तराखंड टॉपर

हल्द्वानी। प्रतिभा, अनुशासन और विनम्रता का अद्भुत संगम कही जाने वाली दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी की छात्रा अरिना रघुवंश ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तराखंड क्षेत्र में स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। विशेष बात यह रही कि अरिना ने मनोविज्ञान विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
वर्ष 2018 में कक्षा 5 से दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी से जुड़ी अरिना शुरू से ही मेधावी, अनुशासित और बहुमुखी प्रतिभा की छात्रा रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह उत्कृष्ट चित्रकार भी हैं। उनका सरल स्वभाव, सादगी और सकारात्मक व्यक्तित्व सभी को प्रभावित करता है। विद्यालय परिवार के अनुसार अरिना हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित और शांत स्वभाव की छात्रा रही हैं।
अरिना के पिता अर्पण भटनागर एवं माता श्रीमती स्वाति भटनागर ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय और शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिवार में शिक्षा और संस्कारों का वातावरण हमेशा से रहा है। अरिना की दादी भी प्रधानाचार्या रह चुकी हैं, जिनसे उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और शिक्षा के मूल्यों की प्रेरणा मिली।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही ने कहा कि अरिना प्रारंभ से ही विद्यालय की श्रेष्ठ विद्यार्थियों में शामिल रही हैं और उनकी मेहनत एवं समर्पण आज इस सफलता के रूप में सामने आया है। वहीं प्रो वाइस चेयरमैन विवेक अग्रवाल ने कहा कि अरिना जैसी प्रतिभाशाली छात्रा का विद्यालय परिवार का हिस्सा होना पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है।
अरिना ने सीएलएटी परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है और भविष्य में विधि (ला) के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं फोन कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान अरिना ने मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि वह उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी, ईमानदारी और समर्पण से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में भी उन्हीं मूल्यों को अपनाना चाहती हैं।

Comments

[gs-fb-comments]