
हल्द्वानी। मेहनत, अनुशासन और लगन का शानदार उदाहरण पेश करते हुए अरिना रघुवंश ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्तराखंड क्षेत्र में स्टेट टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अरिना को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अरिना की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी की द्वितीय टॉपर जिज्ञासा भट्ट को भी सम्मानित किया गया। जिज्ञासा ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और वह शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय की हेड गर्ल भी रह चुकी हैं।
वहीं विद्यालय की तृतीय टॉपर निशिका पपनै ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। निशिका एक शिक्षिका की सुपुत्री हैं, जिनकी सफलता ने पूरे विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन विवेक अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या रंजना शाही ने सभी मेधावी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही यह सफलता संभव हो सकी।
