Advertisement
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक एवं रचनात्मक महोत्सव अभिव्यक्ति-2026 के दूसरे दिन विविध ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सत्रों का आयोजन हुआ। दिन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मनमोहक फ्लेमिंगो नृत्य प्रस्तुति से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही तथा हिमालय एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष भूमेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विज़नरी टॉक्स रहा, जिसमें विद्यालय के नौ विद्यार्थियों ने ट्विन विन टीम के मार्गदर्शन में अपने विचारों और दृष्टिकोण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और प्रभावी वक्तृत्व कला ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों की सराहना प्राप्त की।
इसके बाद प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी द पपाया मैन सुधीर चड्ढा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और सतत विकास के महत्व पर प्रेरक विचारों से अवगत कराया। उन्होंने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में ‘जब दे मेट–जेन ज़ी अचीवर्स मीट जेन अल्फा’ विषय पर संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसका संचालन संजना विक्रमादित्य जायसवाल एवं आदित्य मिश्रा ने किया, जबकि वैभव पांडे और अंशुल वशिष्ठ ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नवाचार, नेतृत्व और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित किया।
इसके उपरांत ट्विन विन टीम द्वारा आयोजित न्यू-एज करियर्स इन द ऑरेंज इकॉनमी सत्र में विद्यार्थियों को भविष्य के उभरते करियर विकल्पों, बदलती रोजगार संभावनाओं तथा आवश्यक कौशलों की विस्तृत जानकारी दी गई।
दिन का समापन शंकर बर्थवाल के सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक प्रेरणादायक सत्र के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञान, नवाचार, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषय केंद्र में रहे। अभिव्यक्ति-2026 का दूसरा दिन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, सीख और नए अवसरों से भरपूर रहा।

Comments

[gs-fb-comments]