Advertisement
ख़बर शेयर करें -

एसओजी और मुखानी पुलिस ने किया खुलासा, सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से पकड़े गए आरोपी, लूटा गया सोने का कुंडल बरामद

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बीते 30 जुलाई को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी पत्नी मनोज नाथ ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। मामले में थाना मुखानी में धारा 304(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को जल्द खुलासे के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग
प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनकी पहचान के लिए पुलिस ने मैन्युअल और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली।
शनिवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी अजय की तलाशी ली तो उसके पास से बुजुर्ग महिला से झपटा गया सोने का एक कान का कुंडल बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों गली-गली घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय पुत्र शांति स्वरूप निवासी वार्ड नंबर-1 बिल्सी थाना बिल्सी जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) उम्र 22 वर्ष और सूरज जोशी पुत्र नरेंद्र जोशी निवासी वार्ड नंबर-8 बिल्सी थाना बिल्सी जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक सोने का कान का कुंडल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ थाना सिविल लाइन बदायूं में धारा 115(2), 117(2), 351(2), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य समेत मुखानी थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Comments

[gs-fb-comments]