
साहित्य-संस्कृति के रंग में निखरी विद्यार्थियों की प्रतिभा
हल्द्वानी: दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में आयोजित तीन दिवसीय साहित्य एवं सांस्कृतिक महोत्सव अभिव्यक्ति-2026 का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। महोत्सव में विद्यार्थियों ने साहित्य, रंगमंच, वक्तृत्व, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के पहले दिन दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ शुभारंभ हुआ। ट्विन विन टीम की ओर से आयोजित गतिविधि आधारित सत्रों में विद्यार्थियों ने वन लाइन स्टोरी, स्टोरीवर्स, कठपुतली के माध्यम से कहानी, थिएटर कार्यशाला, श्लोक गायन, एक्सटेम्पोर तथा एआई इन क्रिएटिव राइटिंग जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन सत्रों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और संचार कौशल को नई दिशा दी।
दूसरे दिन दीप प्रज्ज्वलन और फ्लेमिंगो नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही और हिमालय एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष भुमेश अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित विजनरी टॉक्स में नौ विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। पर्यावरणविद् सुधीर चड्ढा ने पर्यावरण संरक्षण पर व्याख्यान दिया। वहीं, जैब दे मेट जेन ज़ी अचीवर्स मीट जेन अल्फा तथा न्यू एज करियर्स इन द ऑरेंज इकोनॉमी जैसे सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं और नए करियर विकल्पों की जानकारी दी गई।
समापन दिवस पर दीप प्रज्ज्वलन, कोयर प्रस्तुति और पॉडकास्ट सत्र आयोजित किया गया। विद्यालय के युवा लेखकों ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि ट्विन विन टॉक शो ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। एकल वक्तृत्व, मोनोलॉग, नुक्कड़ नाटक और स्किट प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना बटोरी। अंत में पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि अभिव्यक्ति-2026 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त मंच है, जो विद्यार्थियों को स्वतंत्र चिंतन और उत्कृष्टता की ओर निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
