
50 हजार रुपये वसूलने का आरोप, डायरी में मिला मोबाइल छिपाने का गुप्त चैंबर; कई लोगों के वीडियो बरामद
देहरादून। प्रॉपर्टी विवाद में खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने और 50 हजार रुपये वसूलने के आरोप में दून पुलिस ने कथित न्यूज प्लेटफार्म संचालक अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पटेलनगर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर आरोपित के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए गुप्त चैंबर बना था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के मोबाइल से कई लोगों के गोपनीय वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आजाद कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर उनका विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने खुद को न्यूज प्लेटफार्म संचालक बताते हुए उनसे संपर्क किया और संपत्ति से जुड़ी खबर प्रसारित करने की धमकी दी। खबर रोकने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे। आरोप है कि धमकी से डरकर तनवीर ने अनुज अग्रवाल के नाम के एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कर दिए। शेष रकम नहीं देने पर आरोपित ने उन्हें गाली-गलौज कर धमकाया। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 19 अक्टूबर की रात अनुज को आइएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब और ओडिशा में एक-एक तथा गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन से मिले वीडियो की जांच कर रही है।


