Advertisement
ख़बर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने पीसीएस अधिकारी चंद्र सिंह धर्मशक्तू को आयुक्त गन्ना एवं चीनी पद से हटा दिया है। यह निर्णय कई कर्मचारियों द्वारा की गई शिकायतों के बाद लिया गया है। धर्मशक्तू को फिलहाल कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब राज्य में अधिकारियों के ट्रांसफर की सूची का इंतजार किया जा रहा था।
कार्मिक विभाग के अनु सचिव नागेश सिंह नेगी द्वारा जारी आदेश में कार्य हित को देखते हुए धर्मशक्तू को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पद से हटा दिया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि धर्मशक्तू को पदभार से मुक्त कर आख्या शासन को सौंपनी होगी। हालांकि, उन्हें फिलहाल किसी अन्य पद की जिम्मेदारी नहीं दी गई है और उनकी नई तैनाती के बारे में अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
बीते कुछ समय से धर्मशक्तू के खिलाफ कर्मचारियों द्वारा शिकायतें की जा रही थीं, जिनमें उनके व्यवहार को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया था। कर्मचारियों ने अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक भी पहुंचाई थीं, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। माना जा रहा है कि इस शिकायत के बाद ही अधिकारी को उनके पद से हटाया गया है।
इस बीच, राज्य में तबादला सूची को लेकर चर्चा चल रही है। मुख्यमंत्री के स्तर पर अधिकारियों के ट्रांसफर और जिम्मेदारियों में बदलाव के बारे में विचार किया गया है, जिसमें कुछ अफसरों की जिम्मेदारियां बढ़ाने और कुछ की कम करने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, तबादला सूची अभी मुख्यमंत्री के स्तर पर लंबित है।

Comments