
‘‘साहसिक खेल’’ को मिलेगा प्रदर्शित करने का मौका
देहरादून: गणतंत्र दिवस परेड-2025 के लिए नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित की जाने वाली उत्तराखण्ड राज्य की झांकी का भारत सरकार द्वारा चयन किया गया है। इस बार उत्तराखण्ड राज्य की झांकी ‘‘साहसिक खेल’’ (एडवेन्चर स्पोटर्स) पर आधारित होगी।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जानकारी दी कि अक्टूबर 2024 में रक्षा मंत्रालय के अधीन गठित विशेषज्ञ समिति को कुल 34 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों ने अपने-अपने प्रस्ताव भेजे थे। विभिन्न बैठकों में उत्तराखण्ड के नोडल अधिकारी और संयुक्त निदेशक सूचना, केएस चौहान ने राज्य की झांकी का डिजायन, मॉडल और संगीत प्रस्तुत किया। भारत सरकार द्वारा इसे उत्कृष्ट मानते हुए अंतिम चयन किया गया है।
उत्तराखण्ड सहित इस बार कुल 15 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की झांकी का चयन किया गया है। इनमें आन्ध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखण्ड, कर्नाटका, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चण्डीगढ़, दादर नगर हवेली और दमन व दिव शामिल हैं।
उत्तराखण्ड की झांकी में इस बार विशेष रूप से साहसिक खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा। झांकी के अग्रभाग में प्रसिद्ध एपण कला को दर्शाते हुए उत्तराखण्डी परिधान में महिला को दिखाया जाएगा। वहीं, झांकी के मध्य और पिछले भाग में साहसिक खेलों जैसे रॉक क्लाइम्बिंग, पैराग्लाइडिंग, बन्जी जम्पिंग, हिल साइकलिंग, ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, औली में स्कीइंग और ऋषिकेश में जिप-लाइनिंग और रॉक क्लाइम्बिंग को प्रदर्शित किया जाएगा। इस बार की झांकी गणतंत्र दिवस परेड का प्रमुख आकर्षण बनेगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2003 से 2023 तक उत्तराखण्ड राज्य ने कर्तव्य पथ पर कई शानदार झांकियों का प्रदर्शन किया है। इनमें प्रमुख रूप से फुलदेई, नंदा राजजात, फूलों की घाटी, कार्बेट नेशनल पार्क, साहसिक पर्यटन, कुम्भ मेला हरिद्वार, जड़ी बुटी, केदारनाथ, रम्माण, ग्रामीण पर्यटन, अनाशक्ति आश्रम, केदारखण्ड (तृतीय स्थान), प्रगति की ओर बढ़ता उत्तराखण्ड और मानसखण्ड (प्रथम स्थान) शामिल हैं।
इस वर्ष 2024 में भारत पर्व के दौरान उत्तराखण्ड की झांकी का प्रदर्शन लाल किले पर भी किया गया था।
सीएम ने दी कलाकारों को बधाई
“यह हमारे राज्य के लिए गर्व का विषय है कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का चयन हुआ है। इस बार झांकी में उत्तराखंड की पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। हमारा राज्य न केवल अपने आध्यात्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए जाना जाता है, बल्कि यह साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी है।
मैं झांकी के निर्माण में जुड़े सभी कलाकारों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। हम इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में और मजबूती से कदम बढ़ाएंगे।”
पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड





