Advertisement
ख़बर शेयर करें -

काठगोदाम कार्यशाला में सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यकारिणी, कार्तिक नेगी मंत्री और पंकज थापा कोषाध्यक्ष नियुक्त

हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवहन निगम की काठगोदाम मंडलीय कार्यशाला में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद् के वार्षिक चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव अधिकारी बालम सिंह फर्त्याल एवं अमित जंगवाल की देखरेख में सम्पन्न चुनाव में सभी पदाधिकारियों को सर्वसम्मति से चुना गया।
चुनाव में नवीन चंद्र बिष्ट को शाखा अध्यक्ष, कार्तिक नेगी को शाखा मंत्री तथा पंकज थापा को कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। सभी पदाधिकारियों के चयन पर कर्मचारियों ने खुशी जताई और नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी।
चुनाव के दौरान कार्यशाला परिसर में कर्मचारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कर्मचारियों ने एकजुट होकर नवीन कार्यकारिणी के प्रति अपना विश्वास जताया और आशा जताई कि नई टीम कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएगी और संगठन को मजबूत बनाएगी।
संगठन से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों ने बताया कि परिवहन निगम में आए दिन कर्मचारियों को वेतन, सुविधाएं, तकनीकी संसाधन व अन्य मुद्दों को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नई कार्यकारिणी के सामने इन समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन चंद्र बिष्ट ने सर्वसम्मति से चुने जाने पर सभी कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन हित और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। मंत्री कार्तिक नेगी और कोषाध्यक्ष पंकज थापा ने भी सभी का धन्यवाद करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
कर्मचारियों की एकता और समर्थन से बनी नई टीम, अब निगाहें रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर टिकीं हैं।

Comments