

मोदी और राजनाथ सहित नेताओं ने दी बधाई
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार के सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन के नाम पर तुरंत प्रभाव से मुहर लगाई।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को बयान जारी करते हुए कहा, भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को तत्काल प्रभाव से पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो गया था। लंबे समय से पार्टी में उनके उत्तराधिकारी के लिए मंथन चल रहा था। अब पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की कमान सौंपी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए लिखा कि वह एक कर्मठ और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का लंबा अनुभव है। मोदी ने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी और कहा कि नितिन नबीन प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे।
भाजपा के केंद्रीय मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी नितिन नबीन को आत्मीय बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
