
हल्द्वानी में भारतीय किसान यूनियन प्रधान का स्वागत, किसानों के उत्थान के लिए बनी रणनीति
हल्द्वानी: भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रवि पवार आज पहली बार हल्द्वानी पहुंचे, जहां उनका भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर यह बताया गया कि भारतीय किसान यूनियन हल्द्वानी की नई कार्यकारिणी गठित की जाएगी और कुछ पदाधिकारियों को नए दायित्व सौंपे जाएंगे।
रवि पवार ने इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन का विस्तार करने की योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं और उनके उत्थान के लिए विचार विमर्श करना और एक ठोस रणनीति बनाना है। वहीं, पदाधिकारियों ने बताया कि जहां एक ओर वर्तमान सरकार किसानों के उत्थान के लिए बड़े-बड़े वादे करती है, वहीं किसानों पर लगातार उत्पीड़न बढ़ता जा रहा है।
इस संदर्भ में भारतीय किसान यूनियन के द्वारा दिल्ली में किसानों की मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन भी किया गया था, जिसे कूचलने के लिए सरकार ने कड़े कदम उठाए थे। इस पर देश भर के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। देश में अन्नदाता किसानों की अनदेखी की जा रही है और उनका उत्पीड़न लगातार बढ़ता जा रहा है।
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे, जिनमें सुरेश सिंह बिष्ट, मोहन चंद्र कांडपाल, राजेश रस्तोगी, गोविंद सिंह गेरा, इंतजार अहमद, हरपाल शर्मा, राजेंद्र सिंह भंडारी, कमलेश कंडारी, चंदन सिंह कथायत, अमरजीत सिंह, हरेंद्र सिंह राणा, प्रकाश आर्य, हेमंत सिंह नगलटिया, और हरमिंदर सिंह शामिल थे।





