Advertisement
ख़बर शेयर करें -

महिलाओं ने पेश की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

लालकुआं: नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय रजत जयंती समारोह का शुभारंभ शनिवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डेयरी विकास विभाग के निदेशक अशोक कुमार जोशी, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा और पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह के पहले दिन संघ के प्रशासनिक भवन प्रांगण में महिला दुग्ध उत्पादकों के लिए गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 500 महिला दुग्ध उत्पादकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों व महिलाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने कुमाऊनी लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को लोकसंस्कृति की सुगंध से भर दिया।
गोष्ठी का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान संजीवनी हॉस्पिटल, हल्द्वानी की ओर से दुग्ध उत्पादकों एवं कर्मचारियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर और महिला स्वास्थ्य जांच सहित कई परीक्षण किए गए। लगभग 370 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक एवं कर्मचारी इस शिविर से लाभान्वित हुए।
स्वास्थ्य शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. आदिति अरोड़ा, जनरल फिजिशियन डॉ. अजय प्रताप, मोहित कार्की, पीएसपी हॉस्पिटल के रामलखन शर्मा सहित चिकित्सकों की टीम ने परामर्श दिया।
रजत जयंती समारोह के अंतर्गत आंचल दुग्ध संघ द्वारा सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल और राजकीय महिला चिकित्सालय, कालाढूंगी रोड, हल्द्वानी में भर्ती 450 मरीजों को 225 लीटर आँचल दूध पौष्टिक आहार के रूप में नि:शुल्क वितरित किया गया। मरीजों और परिजनों ने संघ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
भव्य आयोजन में संचालक सदस्य किशन सिंह बिष्ट, कृष्ण कुमार शर्मा, गोविंद मेहता, हेमा देवी, दीपा देवी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी रैकवाल, आनन्द सिंह नेगी, पूर्व संचालक भगवान धामी, देवी दत्त पांडे, शेखर जोशी, राजेन्द्र प्रसाद, वरिष्ठ नेता हेमन्त नरूला, बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी पर्वतीय कृपाल सिंह, राजेन्द्र दुम्का, खलील अहमद, शांति कोरंगा, मुन्नी आर्या, मोहन जोशी, कमलेश कुमार, रमेश मेहता, रमेश आर्या, विपिन तिवारी, हेमन्त पाल, मीना रौतेला सहित भारी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments